Sunday, February 10, 2019

कौसल्या के सामने भरत का शपथ खाना



श्रीसीतारामचंद्राभ्यां नमः

श्रीमद्वाल्मीकीयरामायणम्
अयोध्याकाण्डम्


पंचसप्ततितमः सर्गः

कौसल्या के सामने भरत का शपथ खाना 

आर्य राम गये हों वन को, जिस निर्दयी जन की सलाह से
खीर, दूध आदि देवों को, अर्पित किये बिना वह खा ले 

मित्र के प्रति द्रोह वह करे, निंदा हो गुरुजन की उससे
बंधु-बांधवों के होते भी, अन्न अकेले ही वह खाले

निज अनुरूप मिले न पत्नी, वह अग्निहोत्र आदि न करे
बिना सुख भोगे सन्तान का, मृत्यु का वह वरण करे

सन्तान का मुख न देखे, अकाल मृत्यु का वह भागी हो
भृत्य त्याग, वृद्ध हत्या व, स्त्री हत्या का पाप लगे उसे

लाह, मधु, मांस, विष, लोहा आदि, निषिद्ध वस्तुओं को बेचे
इनसे प्राप्त हुए धन से ही , पोषण निज परिवार का करे 

पीठ दिखाकर भागे रण से, इसमें भी वह मारा जाये
फटे पुराने वस्त्र धाारे वह, खप्पर में भीख मांगे

काम-क्रोध के वश में होकर, कर मद्यपान द्यूत खेले
नहीं धर्म में रूचि हो उसकी, अपात्र को दान सदा दे

लूट के ले जाएँ लुटेरे, उसके धन-वैभव को सारे
दोनों संध्याओं में सोने का, उस अधम को पाप लगे

आग लगाने का पाप व, गुरुपत्नीगामी का पाप
मित्र द्रोह का पाप भी, उस निर्दयी जन को लगे

जिसकी सलाह से कृत्य हुआ यह, पुण्य से वंचित ही रहे
देवों, पितरों, माता-पिता की, सेवा वह नर कभी  न करे

आज ही वह भ्रष्ट हो जाये, सत्पुरुषों के परम लोक से
कीर्ति, कर्म भी सत्पुरुषों के, उससे सदा दूर ही रहें

रहे अनर्थ के पथ में स्थित, होकर दरिद्री  क्लेश भोगे
पुत्र अधिक हों रोग से पीड़ित, उनका पोषण कर न सके

निष्फल कर आशा याचकों की, छल-कपट में सदा लगा हो
अपवित्र, चुगली करता हो, उसको अपावन पाप लगा हो

सती-साध्वी को ठुकरा दे, नष्ट हुई संतति का दुःख हो
पूजा में बाधा डाल दे, नई ब्याही गाय को दोह ले 

परस्त्री का करे वह सेवन, धर्म के अनुराग को त्यागे
उसे वही पाप लगे जो, भोगें जल गंदा करने वाले 

विष देने का पाप लगे, प्यासे को वंचित वह रखे
पक्षपात का दोषी हो वह, कलह प्रिय भी बना रहे

इस प्रकार शपथ के द्वारा, कौसल्या को दे आश्वासन
भरत गिरे भूमि पर दुःख से, कौसल्या ने कहे ये वचन

शपथ अनेकों खाकर तुम, प्राणों को पीड़ा देते हो
बेटा ! अब शांत हो जाओ, दुःख तुम मेरा बढ़ा रहे हो

शुभ लक्षण सम्पन्न चित्त है, धर्म से विचलित नहीं हुए
हो सत्य प्रतिज्ञ अतः तुम्हें, सत्पुरुषों के लोक मिलेंगे

ऐसा कहकर कौसल्या ने, गले लगाया पुत्र भरत को
फूट-फूटकर लगीं वह रोने, रोते थे वह भी दुखी हो

मोह, शोक से व्याकुल था उर, बुद्धि नष्ट हुई थी जैसे
हुए अचेत विलाप करते थे, रात्रि बीत गयी शोक में

इस प्रकार श्रीवाल्मीकि निर्मित आर्ष रामायण आदिकाव्य के अयोध्याकाण्ड में पचहत्तरवाँ सर्ग 
पूरा हुआ.


Wednesday, February 6, 2019

कौसल्या के सामने भरत का शपथ खाना


श्रीसीतारामचंद्राभ्यां नमः

श्रीमद्वाल्मीकीयरामायणम्
अयोध्याकाण्डम्


पंचसप्ततितमः सर्गः
कौसल्या के सामने भरत का शपथ खाना 

ऐसी कुछ कठोर बातें कह, फटकारा निर्दोष भरत को
ज्यों घाव में सुई चुभी हो, ऐसी अति पीड़ा हुई उनको

चरणों में गिर पड़े भरत फिर, मन में अति घबराहट लेकर
बार-बार विलाप करते थे, हो अचेत से गिरे वहीं पर

चेत हुआ जब हाथ जोड़कर, कौसल्या से वचन कहे ये
जो भी घटना यहाँ घटी है, मैं अनभिज्ञ हूँ हर बात से

मेरा कुछअपराध नहीं है, फिर भी मुझको दोष दे रहीं
रघुनाथ मुझे अति प्रिय हैं, यह सच भी आप जानती ही हैं

आर्य राम गये हों वन में, अनुमति से जिस भी दुर्जन की
सत्मार्ग का करे न पालन, उस पापी की बुद्धि कभी भी

सलाह से जिसकी बाधित हो, प्रिय राम  गये भीषण वन में
हीन जातियों का सेवक हो, मुक्त न हो भीषण पापों से

सेवक से अति श्रम कराकर, जो समुचित वेतन नहीं देता
वही पाप लगे उसको भी, जो ऐसे मालिक को लगता

जो राजा प्रजा का पालन, पुत्र की भांति ही करता है 
फिर भी उससे होड़ करे जो, उन्हें पाप भारी लगता है

वही पाप उसको लग जाये, अनुमति से जिसकी वन गये
उसी अधर्म का भागी हो, जो अधर्मी राजा को लगे

छठा भाग प्रजा से लेकर, जो उसकी रक्षा नहीं करता
होता है अधर्म का भागी, वह राजा सुख से नहीं रहता

ऋत्विज को दक्षिणा नहीं देता, यज्ञ में जो प्रतिज्ञा करके
 पाप जो भी लगता ऐसे को, वही पाप उस नर को लगे

जिसकी सम्मति से वे वन गये, उसे पाप वही लग जाये
जो समर्थ होकर भी रण में, निज धर्म को नहीं निभाए

गुरु के द्वारा प्रयत्नपूर्वक, प्राप्त ज्ञान को वह भुला दे
वंचित हो राम दर्शन से, अर्पित किये बिना वह खाए

गौओं को पैर से छू ले, गुरुजनों की निंदा हो उससे
मित्र के प्रति द्रोह का पाप, उस अधर्मी पापी को लगे

राम गये वन जिसके कारण, पाप लगे विश्वासघात का
अनुपकारी, कृतघ्न, परित्यक्त,  बने पात्र सबके द्वेष का  

Friday, September 7, 2018

कौसल्या के सामने भरत का शपथ खाना


श्रीसीतारामचंद्राभ्यां नमः

श्रीमद्वाल्मीकीयरामायणम्
अयोध्याकाण्डम्


पंचसप्ततितमः सर्गः

कौसल्या के सामने भरत का शपथ खाना

बहुत देर हुई होश में आकर, जब पराक्रमी भरत उठे
अश्रु भरे नयनों से बैठी, दीन हुई माँ को लख बोले

मंत्रीवर ! नहीं राज्य की इच्छा, ना ही कहा कभी इस हित
राजा ने जो लिया था निर्णय, नहीं ज्ञात उसके भी हित

शत्रुघ्न के साथ दूर था, नहीं मुझे कुछ ज्ञान था इसका 
हुआ भाई का निर्वासन कब, सब कुछ मुझको अज्ञात था 

माता को जब कोस रहे थे, कौसल्या ने आवाज सुनी
कैकेयी के पुत्र आ गये,  मैं आज मिलना हूँ चाहती 

कह सुमित्रा से तब ऐसा, दुर्बल व सूखे मुख वाली
जहाँ भरत थे उसी स्थान पर, कौसल्या तब चलीं कांपती

उसी समय आ भरत रहे थे, कौसल्या के भवन की ओर
मार्ग में गिर पड़ीं कौसल्या, दौड़े आये भरत वहाँ पर

दोनों रोने लगे गले मिल, कौसल्या ने कहा भरत से
 राज्य चाहते थे तुम केवल, प्राप्त हुआ निष्कंटक राज्य ये

किन्तु खेद इसका है सबको, क्रूर कर्म से इसको पाया
अति शीघ्रता थी कैकेयी को, जाने लाभ कौन सा भाया

चीर वस्त्र पहनाये राम को, वन-वन भटक रहे वे कहाँ
अब मुझको भी वहीं भेज दे, हैं महा यशस्वी राम जहाँ

या फिर साथ सुमित्रा को ले, अग्निहोत्र को आगे कर के
सुखपूर्वक मैं वहीँ चलूँगी, जहाँ राम निवास हैं करते

अथवा तुम अपनी इच्छा से, मुझे राम के निकट भेज दो
धन-धान्य सम्पन्न यह राज्य, कैकेयी से मिला है तुमको

Monday, August 6, 2018

भरत का कैकेयी को कड़ी फटकार देना


श्रीसीतारामचंद्राभ्यां नमः

श्रीमद्वाल्मीकीयरामायणम्
अयोध्याकाण्डम्




चतुःसप्ततितमः सर्गः
भरत का कैकेयी को कड़ी फटकार देना 


एक समय दृष्टि जब डाली, सुरभि ने अपने पुत्रों पर   
हुए अचेत से थक गये थे, मध्याह्न तक वे हल जोतकर

पुत्रों को इस दशा में देख, सुरभि लगी थी अश्रु बहाने
उसी समय इंद्र जाते थे, दो आँसूं उन पर भी गिर गये

इंद्र ने दृष्टि ऊपर डाली, देखा नभ में सुरभि खड़ी है 
सबका हित चाहने वाली, दीन भाव से स्वयं पीड़ित है

देवराज उद्व्गिन हो उठे, हाथ जोड़कर उससे बोले
 क्या हम पर कोई भय आया, किस कारण दुःख पाया तुमने

प्रश्न सुना जब इंद्र का उसने, उत्तर दिया धीर सुरभि ने
देवराज ! नहीं कोई भय है, दुखी देख पुत्रों को दुःख में

ये दोनों दुर्बल व दुखी हैं, सूर्य ताप से भी पीड़ित हैं
दुष्ट किसान इन्हें मारता, ये दोनों मुझे अति ही प्रिय हैं

सारा जगत भरा हुआ है, जिस कामधेनु के पुत्रों से
रोती देखकर उसे इंद्र ने, माना पुत्र अति प्रिय होते 

देवेश्वर ने अपनी देह पर, पावन अश्रुपात देख तब
सुरभि को अति श्रेष्ठ माना था, दो पुत्रों हित दुखी देखकर

हितकारी हैं समान रूप से, दान रूप शक्ति से सम्पन्न
सहस्त्र पुत्र धारण करती हैं, दो पुत्रों हित करती क्रन्दन

जिनका केवल एक पुत्र है, कितना दुख वह पाती होंगी
है विछोह राम का जिनसे, कैसे वह कौशल्या रहेंगी

इकलौते पुत्र वाली जो, सती-साध्वी कौसल्या को
दुख देकर तू सुखी न होगी, जब जाएगी परलोक को

मैं तो यह राज्य लौटाकर, पूजा करूँगा प्रिय राम की
अंत्येष्टि संस्कार करवा के,  पूजन होगा पिता का भी

तेरा दिया कलंक मिटाने, स्वयं मैं वन को जाऊंगा,
जो हमारे यश को बढ़ाएं, ऐसे ही मैं कर्म करूँगा

अश्रु बहाते अवरुद्ध कंठ, सब पुरवासी मुझको देखें
तेरे पाप का बोझ उठाऊँ, नहीं यह हो सकता मुझसे

जलती अग्नि में प्रवेश करे, अथवा स्वयं वन को चली जा
 बाँध गले में रज्जु प्राण दे,  नहीं गति दूजी इसके सिवा

सत्य पराक्रमी श्रीराम जब, आ जायेंगे  पुनः अयोध्या
तभी कलंक मिटेगा मेरा, कृत-कृत्य भी तभी होऊंगा

अंकुश द्वारा पीड़ित हाथी सम,  कह यह भू पर भरत गिरे
फुफकारते सर्प  की भांति, लम्बी श्वासें लगे खींचने 

उत्स्व के समाप्त होने पर, इंद्र ध्वजा गिरायी ज्यों जाती 
भरत गिरे, टूटे आभूषण,  रक्तिम नेत्र, बिखरे वस्त्र भी

इस प्रकार श्रीवाल्मीकि निर्मित आर्ष रामायण आदिकाव्य के अयोध्याकाण्ड में चौहत्तरवाँ सर्ग 
पूरा हुआ.


Thursday, May 17, 2018

भरत का कैकेयी को कड़ी फटकार देना




श्रीसीतारामचंद्राभ्यां नमः

श्रीमद्वाल्मीकीयरामायणम्
अयोध्याकाण्डम्


चतुः सप्ततितमः सर्गः

भरत का कैकेयी को कड़ी फटकार देना

इस प्रकार कर निंदा माँ की, रोषावेश में भरत भर गये
माँ नहीं तू शत्रु है मेरी, फिर कठोर वाणी में बोले

क्रूर हृदया हो भ्रष्ट राज्य से, धर्म ने त्याग किया तेरा
रोना नहीं अब मृत राजा हित, मरा जान मुझे अब रोना

राजा तथा राम ने आखिर, क्या तेरा अनुपकार किया था
एक साथ ही उन दोनों को, पड़ा मृत्यु व वनवास भोगना

कारण बनी कुल विनाश का, भ्रूण हत्या का पाप लगेगा
इसीलिए नरक में जा तू, लोक पिता का नहीं मिलेगा

वन भेजकर प्रिय राम को, जो ऐसा बड़ा पाप किया है
तेरे उस घोर कर्म ने, मेरे हित भी भय खड़ा किया है 

तेरे कारण पिता मरे हैं, वन का आश्रय लिया राम ने
अपयश का भागी बनाया, मुझे भी तूने जीव जगत में

मुझसे बात नहीं अब करना, दुराचारिणी, पतिघातिनी
राज्य के लोभ में पड़कर, अति क्रूर कर्म को करने वाली

कौसल्या, सुमित्रा आदि को, दुःख  महान दिया है तूने
अश्वपति की नहीं तू कन्या,  उत्पन्न है राक्षसी कुल में

तेरा पाप मुझमें आया है, हो गया हूँ पिता हीन मैं
अप्रिय बना समस्त जगती का, बिछुड़ गया दो भाइयों से

किस लोक में जाएगी अब तू, राम पिता तुल्य हैं मेरे
जितेन्द्रिय, सभी के बन्धु, रूप यह उनका क्या तू ना जाने

माँ के अंग-प्रत्यंग, हृदय से, पुत्र जन्म हुआ करता है 
अन्य बंधु प्रिय होते हैं, सर्वाधिक प्रिय पुत्र होता है