Friday, June 7, 2019

अयोध्या से गंगातट तक सुखद राजमार्ग का निर्माण


श्रीसीतारामचंद्राभ्यां नमः
श्रीमद्वाल्मीकीयरामायणम्

अयोध्याकाण्डम्

अशीतितमः सर्गः

अयोध्या से गंगातट तक सुरम्य शिविर और कूप आदि से युक्त सुखद राजमार्ग का निर्माण

ऊँची-नीची, निर्जल व सजल,  ध्यान भूमि का जो रखते थे
सूत्र कर्म करने वाले कई, शूर-वीर मार्ग रक्षक थे

दें नदी पार करने के साधन, भू खोद सुरंग बनाते
जल प्रवाह को रोक सकें, वेतनभोगी, रथ, यंत्र बनाते

लकड़हारे, काष्ठकार, रसोइये, चूना पोतने वाले
बांस चटाई, सूप बनाते, चमड़े की वस्तुएं बनाते

थे विशेष ज्ञानी रस्तों के, समर्थ पुरुष गये थे पहले
मार्ग ठीक करने हेतु सभी, वन प्रदेश की ओर वे चले

पूर्णिमा के दिन जो उमड़ा, उस सागर की भांति वेग से
कारीगर निपुण दल लेकर, औजारों के साथ चल दिए

लता, बेल, झाड़ियाँ, ठूँठ, काट अनेक वृक्षों को चलते
पत्थर हटा मार्ग बनाते, जहाँ नहीं थे वृक्ष लगाते

कुल्हाड़ों, टंकों, हंसियों से, वृक्षों व घास को काटते
कुश, कास आदि झुरमुट को, फेंक रहे थे उखाड़ हाथों से

जहाँ-तहाँ, ऊँचे-नीचे भू को, खोद-खोद बराबर करते
अन्य लोग सूखे कुओं व, गड्ढों को पाटते मिट्टी से

जो स्थान नीचे होते थे, शीघ्र ही उन्हें बराबर करते
पुल बाँधने योग्य जल जहाँ, झट जाकर वहाँ पुल भी बाँधे

कंकरीली भूमि थी जहाँ पर, किया मुलायम ठोक-पीटकर
जल बहने हित मार्ग बनाया, जहाँ जरूरी बाँध काटकर

छोटे-छोटे सोतों को तब, जिनका पानी बह जाता था
चहुँ ओर से बाँध उन्हें भी, बना दिया अतीव जलवाला

इस प्रकार अल्प समय में, भिन्न-भिन्न तालाब बनवाये
भरा अगाध जल था उनमें,  सागर समान जान पड़ते थे

निर्जन स्थानों में अनेकों, कुएं, बावड़ी आदि बनवाये
सुंदर लगते थे जो सारे, निकट बनी वेदिकाओं से

देवताओं के मार्ग की भांति, शोभित होने लगा रास्ता
चूना-सुर्खी, बिछाके कंकर, कूटपीट किया था पक्का

मार्ग किनारे वृक्ष लगाये, फूल खिले, पंछी भी चहके
चन्दन मिश्रित जल छिड़का, सजा दिया था पताकाओं से

शिविर-छावनी बनाने हेतु, अधिकार जिन्हें दिया गया था
आज्ञा लेकर उन सभी ने, शिविर बनाकर उन्हें सजाया

जहाँ फलों की थी अधिकता, उन प्रदेशों में शिविर लगे थे
उत्तम मुहूर्त व नक्षत्र में, प्रतिष्ठा की फिर वास्तुविदों ने

बने मार्ग में वे निवेश तब,  इंद्र पुरी सी शोभा पाते
चारों ओर खाइयाँ खोदीं, मिट्टी् के कई ढेर लगवाये

नीलमणि प्रतिमाएं शोभित थीं, उन खेमों के भीतर सुंदर
गलियों, सडकों से शोभा थी, सुंदर प्राकारों से घिरकर

पताकाओं से सजे हुए थे, विश्रामगृह  सड़क किनारे
था स्थान कबूतरों का भी, शोभित होते थे खेमे सारे

वृक्षों और वनों से सशोभित, शीतल-निर्मल जल से पूरित
मत्स्यों से व्याप्त गंगा के,  बना था राजमार्ग वह तट पर

कुशल कारीगरों ने उसका, निपुणता से निर्माण किया था
चाँद-तारों से मंडित नभ सम, रात्रि काल में शोभित होता

इस प्रकार श्रीवाल्मीकि निर्मित आर्ष रामायण आदिकाव्य के अयोध्याकाण्ड में अस्सीवाँ सर्ग पूरा हुआ.

Monday, April 22, 2019

भरत का श्रीराम को ही राज्य का अधिकारी बताना


श्रीसीतारामचंद्राभ्यां नमः

श्रीमद्वाल्मीकीयरामायणम्
अयोध्याकाण्डम्


एकोनाशीतितमः सर्गः

मंत्री आदि का भरत से राज्य ग्रहण करने के लिए प्रस्ताव तथा भरत का अभिषेक-सामग्री की परिक्रमा करके श्रीराम को ही राज्य का अधिकारी बताकर उन्हें लौटा लाने के लिए चलने के निमित्त व्यवस्था करने की सबको आज्ञा देना

तत्पश्चात चौदहवें दिन, राजाधिकारी भरत से बोले
महाराज अब स्वर्गलोक गये, जो हमारे श्रेष्ठ गुरु थे

कोई नहीं राज्य का स्वामी, आप हमारे अब राजा हों 
स्वयं आपको राज्य दिया, वनवास दिया बड़े भाई को

अतः आपका राजा होना, पूरी तरह न्याय संगत है
इसे निज अधिकार में लेना, नहीं आपका अपराध है

मंत्री, स्वजन, पुरवासी भी,  सब तैयार हैं सामग्री ले
अभिषेक हेतु तत्पर होकर, राज्य राजा का ग्रहण करें

यह सुनकर उत्तम व्रतधारी, उठे भरत यह सबसे बोले
ऐसी बात नहीं कहनी थी, आप सभी तो बुद्धिमान हैं 

ज्येष्ठ पुत्र ही अधिकारी है, इस कुल की रीति यही कहती 
श्रीराम ही होंगे राजा, हर दृष्टि से ऐसा है सही

चौदह वर्षों तक वन में अब, मैं जाकर निवास करूँगा
सेना सबल तैयार करें, वन से उन्हें लौटा लाऊँँगा

अभिषेक हित इस सामग्री से, राजतिलक राम का होगा
यज्ञ से लायी जाती जो, उस अग्नि सम उन्हें लाऊंगा

मातृभाव अब शेष रहा है, कैकेयी में लेशमात्र ही
राजा होंगे राम, मैं नहीं,  इच्छा उसकी पूर्ण न होगी

कारीगर जाकर मार्ग बनाएं, भूमि को समतल कर दें
दुर्गम स्थानों के ज्ञाता हैं, रक्षकगण भी कुछ साथ चलें

राजकुमार भरत के मुख से, श्रीराम हित सुनी ये बातें
वहाँ उपस्थित लोगों ने तब, सुंदर वचन कहे ये उनसे

रहें आपके निकट लक्ष्मी, ऐसे उत्तम वचन जो कहे
श्रीराम को स्वयं ही राज्य, लौटा देना आप चाहते

आशीर्वचन जब पड़ा कर्ण में, अति प्रसन्न हुए भरत थे
उनकी ओर देख मुखड़े पर, लगे हर्षजनित अश्रु बरसने

राम को लौटा लाने वाली, सुनी बात सभी हुए सुखी
सुख से भर भरत से बोले, सभा सदस्य, मंत्री, कर्मचारी

राज्य प्रति जिनमें भक्ति भाव है, ऐसे कारीगर व रक्षक
आज्ञानुसार आपकी गये हैं, राह ठीक करने वन तक

इस प्रकार श्रीवाल्मीकि निर्मित आर्ष रामायण आदिकाव्य के अयोध्याकाण्ड में उनासीवाँ सर्ग 
पूरा हुआ.


Thursday, April 4, 2019

भरतजी के कहने से शत्रुघ्न का मंथरा को मूर्छित अवस्था में छोड़ देना


श्रीसीतारामचंद्राभ्यां नमः

श्रीमद्वाल्मीकीयरामायणम्
अयोध्याकाण्डम्


अष्ट सप्ततितमः सर्गः


शत्रुघ्न का रोष, उनका कुब्जा को घसीटना और भरतजी  के कहने से उसे मूर्छित अवस्था में छोड़ देना 


शत्रुओं का दमन जो करते, उस शत्रुघ्न ने भर रोष में
कुब्जा को भूमि पर घसीटा, चिल्लायी वह बड़े जोर से

मंथरा जब घसीटी जाती, सब आभूषण टूट रहे थे
नाना तरह के वे आयोजन, पृथ्वी पर बिखर जाते थे

आभूषण के उन टुकड़ों से, राजमहल शोभित होता था
शरद काल का अम्बर जैसे, हो तारागण से सजा हुआ

तत्क्षण कैकेयी ने आकर, मंथरा को छुड़ाना चाहा
कह कठोर बातें उसको भी, भर क्रोध में उसे धिक्कारा

कैकेयी को हुई अति पीड़ा, सुनकर दुखदायी वचन वे
शत्रुघ्न के भय से थर्रा, गयी तब भरत की वह शरण में

क्षमा करो ! स्त्रियाँ अवध्य हैं, यह कहा भरत ने शत्रुघ्न को
भय अति राम की घृणा का, मातृघाती समझेंगे मुझको

कुब्जा के भी मर जाने का, समाचार मिलेगा यदि उन्हें
त्याग देंगे बोलना निश्चय, हो दुखी वे हम दोनों से

बात सुनी जब भाई भरत की, छोड़ दिया मंथरा को तब
गिर कैकेयी के चरणों में, करने लगी विलाप करुण तब

आर्त और अचेत हुई सी, कुब्जा को देख कर कैकेयी
धीरे-धीरे आश्वासन दे,  होश में उसे लाने लगी

पिजरें में बंधी क्रौंची सी, कातर दृष्टि से देख रही 
कैकेयी की वह अनुचरी, थी शत्रुघ्न से अति डरी हुई

इस प्रकार श्रीवाल्मीकि निर्मित आर्ष रामायण आदिकाव्य के अयोध्याकाण्ड में अठहत्तरवाँ सर्ग 
पूरा हुआ.

Friday, March 29, 2019

शत्रुघ्न का रोष, उनका कुब्जा को घसीटना


श्रीसीतारामचंद्राभ्यां नमः

श्रीमद्वाल्मीकीयरामायणम्
अयोध्याकाण्डम्


अष्ट सप्ततितमः सर्गः

शत्रुघ्न का रोष, उनका कुब्जा को घसीटना और भरतजी  के कहने से उसे मूर्छित अवस्था में छोड़ देना

तेरहवें दिन कार्य पूर्ण कर, भरत शोक से उबर न पाए
निकट राम के जाने का जब, मन में वह विचार थे लाये

लक्ष्मण के छोटे भाई ने, आकर वचन कहे ये उनसे
स्वजन हों या अन्य कोई भी, राम सदा सबके दुःख हरते

सत्वगुण से सम्पन्न हैं जो, आश्रय जिनका सब लेते थे
एक स्त्री के द्वारा वे, कैसे जंगल में भेज दिए गये

बल, पराक्रम से सम्पन्न जो, लक्ष्मण नामक शूरवीर हैं
वे भी कुछ नहीं कर पाए, इसका अति ही दुःख मुझको है

कैद पिता को कर उन्होंने, इस संकट से क्यों न बचाया
राजा नारी के वश में थे, उन्हें मार्ग पर क्यों न लाया

शत्रुघ्न जब भरे रोष में, ऐसे वचन भरत से कहते
पूर्व द्वार पर खड़ी हो गयी, कुब्जा सजी हुई रत्नों से

उत्तम चन्दन का लेप लगा, रानियों से वस्त्र पहनी थी
भांति-भांति के आभूषण धर, बँधी वानरी सम लगती थी

वही बुराई की जड़ भी थी, मूल कारण थी वनवास का
दृष्टि पड़ी तो द्वारपाल ने, निर्दयता से उसे घसीटा

दे शत्रुघ्न के हाथ में  कहा, क्रूर कर्म की कर्त्ता यह है
जिसके कारण राम गये वन, पिता आपके देह त्याग गये

जैसा आप समझते उचित, बर्ताव करें वैसा ही इससे
द्वारपाल की बात सुनी तो, दुःख और बढ़ा उनके मन में

कर्त्तव्य का निश्चय करके, कहा सुना कर सभी लोगों से
पिता और भाइयों को मेरे, दुःख पहुँचा इस पापिनी से 

बल पूर्वक पकड़ के कहा, इस क्रूर कर्म का फल यह भोगे
गूंज उठा महल वह सारा, चीखी जब वह भय के मारे 

फिर तो उसकी सारी सखियाँ, संतप्त हो लगी भागने
वहीं रहेंगे हम सुरक्षित, कौशल्या की शरण में चलें