Wednesday, July 17, 2013

राजा दशरथ का स्वस्तिवाचन पूर्वक राम-लक्ष्मण को मुनि के साथ भेजना

श्री सीतारामाचन्द्राभ्या नमः
श्रीमद्वाल्मीकिरामायणम्
बालकाण्डम् 

द्वाविंशः सर्ग

राजा दशरथ का स्वस्तिवाचन पूर्वक राम-लक्ष्मण को मुनि के साथ भेजना, मार्ग में उन्हें विश्वामित्र की बला-अतिबला नामक विद्या की प्राप्ति

सुने वचन वशिष्ठ मुनि के, दशरथ अति प्रसन्न हुए
लक्ष्मण सहित राम को बुलाया, मिल सबने स्वस्ति वचन कहे

किया राम को अभिमंत्रित, मंगल सूचक कई मन्त्रों से
मंगल काज किये यात्रा हित, माता-पिता व गुरु वशिष्ठ ने

पुत्र का मस्तक सूँघ प्रेम से, मुनि को सौंप दिया राजा ने
धूल रहित सुख पवन बही तब, पुष्पवृष्टि की देवताओं ने

बज उठीं थीं देव दुन्दुभियाँ, शंख, नगाड़े बजे उसी क्षण
आगे-आगे राम चले थे, पीछे थे सौमित्र लक्ष्मण

तरकस बंधे पीठ पर थे, हाथों में थे धनुष सुशोभित
तीन फनों वाले सर्प दो, ज्यों चले आ रहे हों हर्षित

था स्वभाव उनका, उदार, अनुपम कांति से प्रकाशित
वे अनिन्द्य सुंदर राजपुत्र, कर रहे थे शोभा प्रसारित

ब्रह्मा जी के पीछे-पीछे, ज्यों अश्विनी कुमार चलते हों
पीछे-पीछे थे मुनिवर के, राम-लक्ष्मण वीर वे दोनों

वस्त्र और आभूषण सुंदर, दस्ताने हाथों में पहने
कटि प्रदेश में तलवारें थीं, श्री अंग बड़े मनोहर थे

महातेजस्वी, श्रेष्ठवीर वे, उद्भासित अद्भुत थी कांति
महादेव के पीछे ज्यों, स्कन्द और विशाख की भांति


Friday, July 5, 2013

वाल्मीकि रामायण- इक्कीसवां सर्ग शेष भाग

श्री सीतारामाचन्द्राभ्या नमः
श्रीमद्वाल्मीकिरामायणम्
बालकाण्डम् 

एकविंश सर्ग

विश्वामित्रके रोषपूर्ण वचन तथा वसिष्ठ का राजा दशरथ को समझाना 

श्रीराम व मुनिवर दोनों, धर्म की हैं साक्षात् मूर्ति
बढ़े-चढ़े ज्ञान, विद्या में, तप भंडार विशाल अति

चर-अचर प्राणियों सहित, त्रिलोक में अस्त्र जो ज्ञात
ज्ञान इन्हें है उन सबका, केवल मैं इससे परिचित

देव, ऋषि, गन्धर्व, राक्षस, किन्नर, यक्ष, बड़े नाग हों
ज्ञान भले हो और विषय का, न जानें इनके प्रभाव को 

प्रायः अस्त्र सभी पुत्र हैं, प्रजापति कृशाश्व के धार्मिक
पूर्वकाल में दिये मुनि को, जब वे थे राज्य के शासक

माँ हैं उनकी दक्ष पुत्रियाँ, सभी महान शक्तिशाली हैं
परम प्रकाशमान अस्त्र सब, विजय दिलाने वाले भी है

‘जया’ नाम की इक पुत्री ने, वर पाकर पुत्रों को पाया
प्रकट हुए हैं रूपरहित वे, वध हेतु असुर सेना का

‘सुप्रभा’ ने जन्म दिया है, जिन्हें बुलाते संहार हैं  
अति दुर्जय, बलिष्ठ अति वे, संख्या में वे पचास हैं

धर्मज्ञ कुशिका नन्दन ये, उन अस्त्रों को पूर्ण जानते
जो उपलब्ध नहीं अब तक, शक्ति है, उत्पन्न कर दें

भूत, भविष्य नहीं छिपा है, मुनिवर से हे रघुनंदन !
हैं महातेजस्वी, महायशस्वी, भेजें कौशल्या नंदन

स्वयं सक्षम वध करने में, किन्तु चाहें राम कल्याण
इसीलिए याचना करते, ऐसा ही है विधि विधान 

रजा दशरथ हुए प्रसन्न, वचन सुने जब मुनि वशिष्ठ के
बुद्धि से विचार किया जब, अनुकूल लगा यह कृत्य रूचि के  

इस प्रकार श्रीवाल्मीकिनिर्मित आर्षरामायण आदिकाव्य के बालकाण्ड में इक्कीसवां सर्ग पूरा हुआ.




Wednesday, June 5, 2013

विश्वामित्रके रोषपूर्ण वचन तथा वसिष्ठ का राजा दशरथ को समझाना

श्री सीतारामाचन्द्राभ्या नमः
श्रीमद्वाल्मीकिरामायणम्

बालकाण्डम् 

एकविंश सर्ग

विश्वामित्रके रोषपूर्ण वचन तथा वसिष्ठ का राजा दशरथ को समझाना

पुत्र स्नेह से भरा हुआ था, राजा का प्रत्येक वचन
कुपित हुए सुन मुनि अति, क्रोध भरे ये कह कथन

पहले की प्रतिज्ञा तुमने, स्वयं ही उसे तोड़ते हो अब
रघुवंशी के योग्य नहीं यह, है कुल के विनाश का सूचक

वैसे ही लौट जाऊँगा, जैसे आया था मैं राजन
सुखी रहो संग मित्रों के, तोड़ के अपना दिया वचन

काँप उठी सारी पृथ्वी, कुपित हुए थे विश्वामित्र जब
समा गया भय देवताओं में, त्रस्त हो गया सारा जग

देख रोष से कंपित जग यह, धीर चित्त वसिष्ठ तब बोले
साक्षात धर्म सम आप हैं, इक्ष्वाकु वंशियों के कुल में

श्री सम्पन्न, व्रत के पालक, धैर्यवान हैं राजन आप
तीनों लोक जानते हैं यह, करें नहीं धर्म परित्याग

‘मैं अमुक कार्य करूंगा’, कहकर जो भी मुकर जाता
यज्ञ आदि नष्ट हो जाते, पुण्यों का नाश हो जाता

श्रीराम को आप भेज दें, संग मुनि सुरक्षित सदा
नहीं जानते अस्त्र विद्या, र  सकें राक्षस  सामना 

प्रज्ज्वलित अग्नि के द्वारा, जैसे अमृत रहे सुरक्षित
बलवानों में श्रेष्ठ राम भी, मुनि के साथ सदा रक्षित



Wednesday, May 22, 2013

राजा दशरथ का विश्वामित्र को अपना पुत्र देने से इंकार करना और विश्वामित्र का कुपित होना


श्री सीतारामाचन्द्राभ्या नमः
श्रीमद्वाल्मीकिरामायणम्
बालकाण्डम् 


विंश सर्गः

राजा दशरथ का विश्वामित्र को अपना पुत्र देने से इंकार करना और विश्वामित्र का कुपित होना 


दशरथ की यह बात सुनी जब, विश्वामित्र मुनि यह बोले
रावण नामक एक राक्षस, है महर्षि पुलत्स्य के कुल में

ब्रह्माजी से वर पाया है, महा पराक्रमी, बलशाली वह
कष्ट दे रहा त्रिलोक को, बहुसंख्यक राक्षसों से घिर वह

विश्रवा का पुत्र औरस है, भाई भी कुबेर का रावण
यज्ञों में स्वयं विघ्न न डाले, प्रेरक बनता वह दानव

मारीच संग असुर सुबाहु, विघ्न सदा डालते यज्ञ में
कैसे युद्ध करूंगा उससे ?, डरता हूँ, दशरथ यह बोले

कृपा करें मुझपर पुत्र संग, रावण अति बलशाली लगता
देव, नाग, गन्धर्व, पराजित, मानव कैसे टिक सकता

हर लेता बल बलवानों का, कैसे उससे युद्ध करूंगा
पुत्र अभी बहुत छोटा है, किसी तरह भी न दूंगा

सुन्द और उपसुन्द के पुत्र, मारीच, सुबाहु बलशाली हैं
एक के साथ युद्ध करने हित, पाता हूँ स्वयं को समर्थ मैं

दशरथ के ये वचन सुने जब, क्रोधित हुए अति विप्रवर
जैसे सिंचित घी से अग्नि, जल उठे मुनि क्रोध में भरकर


इस प्रकार श्रीवाल्मीकिनिर्मित आर्षरामायण आदिकाव्य के बालकाण्ड में बीसवां सर्ग पूरा हुआ.



Friday, April 26, 2013

राजा दशरथ का विश्वामित्र को अपना पुत्र देने से इंकार करना और विश्वामित्र का कुपित होना


श्री सीतारामाचन्द्राभ्या नमः
श्रीमद्वाल्मीकिरामायणम्
बालकाण्डम् 


विंश सर्गः

राजा दशरथ का विश्वामित्र को अपना पुत्र देने से इंकार करना और विश्वामित्र का कुपित होना
विश्वामित्र की बात सुनी जब, दो घड़ी तक रहे अचेत
दारुण दुःख झेला राजा ने, बोले होकर पुनः सचेत

सोलह वर्ष का नहीं हुआ है, कमलनयन राम है छोटा
राक्षस से युद्ध वह करे, नहीं है उसमें यह योग्यता

मेरे पास अक्षौहिणी सेना, जिसका पालक व स्वामी मैं
इस सेना को लिए साथ, युद्द करूँगा उनसे स्वयं मैं

शूरवीर सैनिक मेरे ये, अति कुशल, पराक्रमी भी
राक्षसों से युद्ध करेंगे, इनका जाना ही उचित भी

लिए हाथ में धनुष स्वयं मैं, युद्ध करूँगा निशाचरों से
जब तक देह में प्राण रहेंगे, यज्ञ की रक्षा होगी मुझसे

नियम आपका पूरा होगा, बिना किसी भी भय, बाधा के
राम को न ले जाएँ आप, मैं चलूँगा संग आपके

राम अभी बालक है छोटा, विद्या युद्ध की नहीं जानता
न ही अस्त्र चलाना, न ही, बलाबल शत्रु का जानता

नहीं योग्य है युद्ध कला के, राक्षस माया बड़ी जानते
राम वियोग मुझे है भारी, जीवित रहूँ न बिन इसके

बहुत हुई है आयु मेरी, कठिनाई से पायी सन्तान
यदि इसे ले जाना चाहें, सेना संग, मैं करूं प्रयाण

चारों पुत्रों में ज्येष्ठ राम, है उस पर प्रेम सर्वाधिक
हैं कौन वे निशाचर ?, किसके पुत्र व किससे रक्षित ?  

संग लिए अपनी सेना को, मायायोधी उन राक्षसों से
हे ब्रह्मन ! कहें आप ये, कैसे उनसे युद्ध करूं मैं





Wednesday, April 17, 2013

श्रीमद्वाल्मीकिरामायणम्-उन्नीसवां सर्ग


श्री सीतारामाचन्द्राभ्या नमः
श्रीमद्वाल्मीकिरामायणम्
बालकाण्डम् 


एकोनविंशः सर्गः

विश्वामित्र के मुख से श्री राम को साथ ले जाने की बात सुनकर राजा दशरथ का दुखित एवं मूर्छित होना 

 हैं समर्थ निज दिव्य तेज से, नाश करेंगे उनका ये
सदा सुरक्षित रहेंगे मुझसे, प्रदान करुँगा इनको श्रेय

फैलेगी ख्याति पा श्रेय, तीनों लोकों में राम की
नहीं ठहर सकेंगे राक्षस, सम्मुख जब मृत्यु होगी

कोई नहीं दूसरा ऐसा, मार सके जो उन दोनों को
कालपाश के हुए अधीन, बल का बड़ा घमंड है उनको

पुत्र स्नेह को जरा भुला कर, सौंप उन्हें दें, हे भूपाल !
मरा हुआ ही उन्हें समझिए, पराक्रमी आपके लाल

महामुनि वशिष्ठ जानते, मैं भी जानता क्या हैं राम
उत्तम यश और धर्मलाभ हित, सौंप दीजिए मुझको आप

मंत्री गण वशिष्ठ मुनि संग, यदि आपको दें अनुमति
विदा कीजिये श्रीराम को, जो बड़े हुए, छूटी आसक्ति

दस दिन ही शेष रहे हैं, यज्ञ पूर्ण होने को आए
कमलनयन राम को दें, कहीं समय यह बीत न जाये

हो सर्वदा मंगल आपका, चिंता, शोक से मुक्त रहें
धर्म, अर्थ से युक्त वचन कह, विश्वामित्र चुप हो गए
  
हुआ दुःख अपार राजा को, पुत्रवियोग की आशंका से
हो भयभीत हुए मूर्छित, काँप उठे पीड़ित हो उससे

मुनि वचन जो शुभ था सुनकर, हृदय विदीर्ण हुआ राजा का
व्यथा हुई मन में भारी तब, हो विचलित आसन त्यागा


इस प्रकार श्रीवाल्मीकिनिर्मित आर्षरामायण आदिकाव्य के बालकाण्ड में उन्नीसवाँ सर्ग पूरा हुआ.

  
  


Monday, April 8, 2013

विश्वामित्र के मुख से श्री राम को साथ ले जाने की बात सुनकर राजा दशरथ का दुखित एवं मूर्छित होना


श्री सीतारामाचन्द्राभ्या नमः
श्रीमद्वाल्मीकिरामायणम्
बालकाण्डम् 


एकोनविंशः सर्गः

विश्वामित्र के मुख से श्री राम को साथ ले जाने की बात सुनकर राजा दशरथ का दुखित एवं मूर्छित होना

नृपश्रेष्ठ राजा दशरथ का, अद्भुत, विस्तृत वचन सुना जब
हैं आपके योग्य वचन ये, पुलकित हुए मुनि बोले तब

कौन यहाँ उदार है इतना, आप महाकुल में जन्में हैं
गुरु आपके हैं वसिष्ठ जी, जो स्वयं ही ब्रह्मर्षि हैं 

मेरे उर की बात सुनें अब, सुनकर उसको पूर्ण करें
जो प्रतिज्ञा की है आपने, सत्य उसे कर के दिखलायें

सिद्धि हेतु अनुष्ठान कर रहा, उसमें बाधा बनें राक्षस
इच्छा से रूप धर लेते, शक्ति वान, बलवान राक्षस

 अधिकांश सम्पन्न हुआ अब, नियम पूरा होने आया
मारीच, सुबाहु नाम हैं जिनके, दो राक्षसों ने धमकाया

रक्त-मांस की वर्षा कर दी, यज्ञ वेदिका पर दोनों ने
लगभग पूरा होने को था, विघ्न हुआ तब इस कार्य में

यहाँ चला आया मैं व्याकुल, व्यर्थ परिश्रम हुआ जान के
क्रोध करूं उन पर, दूँ शाप, सोच नहीं पाता मैं मन में

शाप नहीं दे सकता कोई, ऐसा ही नियम है जिसमें
सत्य पराक्रमी, शूरवीर जो, आप राम को मुझे सौंप दें