Showing posts with label बीज. Show all posts
Showing posts with label बीज. Show all posts

Friday, July 29, 2011

दशमोऽध्यायः विभूतियोग (अंतिम भाग)



दशमोऽध्यायः
विभूतियोग (अंतिम भाग)

सर्वभक्षी काल भी मैं हूँ, जन्म सभी का मुझसे जान
कीर्ति, श्री, वाक्, स्मृति, मेधा, क्षमा, धृति भी मान

सामवेद का गीत वृह्त्साम, गायत्री छंदों में हूँ
सब मासों में मार्गशीर्ष हूँ, ऋतुराज वसंत भी हूँ

छलियों में जुआ भी मैं हूँ, तेजवान का तेज है मुझसे
साहस, शौर्य, विजय भी मैं हूँ, सत्व सात्विकों का मुझसे

वासुदेव वृष्णियों में हूँ, अर्जुन वीर पांडवों में
व्यासदेव मुनियों में श्रेष्ठ, शुक्राचार्य हूँ कवियों में

दमन के साधन में दंड हूँ, विजयाकांक्षी की नीति
मैं ही मौन रहस्यों में हूँ , बुद्धिमानों की मैं ही मति

जनक बीज हूँ इस सृष्टि का, मुझसे परे नहीं है कोई
चर-अचर जो भी इस जग में, मेरे सिवा न उसका कोई

अंत नहीं है विभूतियों का, संक्षेप से तुझे कहा
एक अंश मात्र से उपजा है, सौंदर्य इस महा जगत का

जहाँ-जहाँ भी पड़े दिखाई, कांति, सौंदर्य हे अर्जुन !
वहाँ–वहाँ मुझको ही देख, मेरा ही है सभी सृजन

क्या करेगा बहुत जान के, इतना ही तू जान ले पार्थ
मेरे एक अंश में स्थित, योगशक्ति है मेरी अद्भुत 

Wednesday, June 29, 2011

सप्तमोऽध्यायः ज्ञानविज्ञानयोग


  सप्तमोऽध्यायः
ज्ञानविज्ञानयोग

योग साधना कर हे अर्जुन, अनन्य प्रेम तू कर मुझसे
नहीं परायण हो किसी के, अपना चित्त लगा मुझमें

मैं विभूति सम्पन्न बली, ऐश्वर्यशाली परमात्मा  
संशय रहित पार्थ हे सुन, निस्संदेह मैं सबका आत्मा

जिसे जानकर जग में तुझको, कुछ जानना न शेष रहेगा
तत्व ज्ञान, विज्ञान सहित, तेरे हित यह कृष्ण कहेगा

कोई एक हजारों में से, मुझको सचमुच पाना चाहे
उनमें से भी कोई बिरला, यथार्थ रूप से मुझको जाने

पंच भूत पृथ्वी, जल आदि, मन, बुद्धि व अहंकार
अपरा प्रकृति जड़ है मेरी, ये हैं उसके आठ प्रकार

एक और परा प्रकृति है, यह जग किया है जिसने धारण
जीवरूपा परा प्रकृति वह, वही जगत का चेतन कारण

इन दोनों से ही जन्मे हैं, प्राण किये हैं सबने धारण
मैं ही प्रभव, प्रलय भी हूँ, मैं ही हूँ इस जग का कारण

मुझसे भिन्न न दूजा कारण, यह जग मुझसे ही उपजा है
जैसे धागे का इक माल, धागे के मोती से गुंथा है

सूत के मनके सूत की माला, सूत बिना कुछ और नहीं है
मुझसे उपजा, टिका है मुझमें, दूजा कोई ठौर नहीं है

हे अर्जुन, मैं जल में रस हूँ, हूँ प्रकाश चन्द्र, सूर्य में
ओंकार वेदों में पावन, शब्द गगन में पुरुषत्व, पुरुष में

पावन गंध धरा की मैं हूँ, तेज अग्नि का मुझे ही जान
सब भूतों का जीवन भी मैं, तापस का तप मुझको मान

बीज सनातन भूतों का मैं, मेधा बुद्धिमानों की हूँ
तेजस्वी का तेज भी मैं ही, ज्योति मैं प्राणों की हूँ

आसक्ति, इच्छा रहित बल, मैं ही धर्मयुक्त हूँ काम
तीनों गुणों से उत्पन्न होते, भाव भी उपजे मुझसे जान

किन्तु साथ ही स्मरण रख तू, मैं न उनमें होता लिप्त
ज्यों आकाश सभी में रहता, फिर भी रहता सदा अलिप्त